
PALI SIROHI ONLINE
सुमेरपुर-सुमेरपुर नेतरा ग्राम पंचायत के राजस्व गांव रोजड़ा में मंगलवार शाम दो किसानों की फसल में आग लग गई। पहली घटना शाम करीब साढ़े चार बजे हुई। शैतानसिंह पुत्र देवीसिंह राजपूत के खेत में कटाई के बाद रखी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी फसल जलकर राख हो गई। खेत में करीब साढ़े 7 बीघा भूमि से गेहूं की कटाई कर फसल रखी गई थी। इससे करीब 50 बोरी गेहूं निकलते। आग से करीब 1.5 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ।
पीड़ित शैतानसिंह ने बताया कि आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका। सूचना पर सदर थाने से सहायक उप निरीक्षक रमेशलाल और सज्जन सिंह मौके पर पहुंचे। दमकल भी पहुंची और आग बुझाई। तब तक पूरी फसल जल चुकी थी। पटवारी ने मौके पर पहुंचकर रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट में बताया गया कि पीड़ित की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। खाने के लिए गेहूं भी नहीं बचे हैं।
इसी गांव में दूसरी घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। नारायणसिंह राव के खेत और बाड़े में भी अज्ञात कारणों से आग लग गई। सूचना पर दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।


