PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही -एसीबी की टीम ने बुधवार को सिरोही जिले के रेवदर में बड़ी कार्रवाई की है। अनादरा ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) लक्ष्मीनारायण जीनगर को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एएसपी रामेश्वर लाल मेघवाल के नेतृत्व में की गई।
एनओसी जारी करने के एवज में मांगी रकम
जानकारी के अनुसार, वीडीओ ने परिवादी से सीसी रोड तोड़ने के मामले में मुकदमा दर्ज न करने और चारदीवारी निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने के बदले 1 लाख रुपए की मांग की थी।
एसीबी की टीम ने मौके से पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और एक ट्रैप योजना तैयार की। निर्धारित योजना के तहत, जैसे ही आरोपी ने परिवादी से रिश्वत की राशि स्वीकार की, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
एएसपी रामेश्वर लाल ने बताया- आरोपी लक्ष्मीलाल ने अपने बेटे अखिलेश से रिश्वत के पैसे प्राप्त करवा कर मौके से भगा दिया था। अखिलेश ने रुपयों को उनकी कॉलोनी के खाली प्लॉट में गाड़ दिया था। पूछताछ में अखिलेश की बताई जगह से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई। इसके बाद पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य पंचायतों का भी था कार्यभार
लक्ष्मीनारायण जीनगर के पास अनादरा के अतिरिक्त दो-तीन अन्य ग्राम पंचायतों का भी कार्यभार था। गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
रेवदर पंचायत समिति से जेटीए को भी पकड़ा था
बता दें कुछ दिनों पहले ही रेवदर पंचायत समिति में एक जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट (जेटीए) पर भी एसीबी ने कार्रवाई की थी। पंचायत स्तर पर लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से हड़कंप की स्थिति है।

