• April 2, 2026

रेवदर-निम्बज में मिला घायल भालूः खेतलाजी मंदिर के पीछे मिला, वन विभाग ने सिरोही रेफर किया

PALI SIROHI ONLINE

रेवदर, सिरोही-रेवदर के निम्बज गांव में खेतलाजी मंदिर के पीछे एक भालू घायल अवस्था में मिला। सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भालू जमीन पर पड़ा हुआ था। आसपास मौजूद लोगों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन भालू की हालत गंभीर होने के कारण वह हिल भी नहीं पा रहा था।घटना की सूचना तुरंत जीरावल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन नाका प्रभारी भागीरथ विश्नोई के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर भालू के घायल होने का कारण आपसी संघर्ष या पहाड़ी क्षेत्र से गिरना माना जा रहा है। गिरने के कारण उसकी गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे वह उठने में असमर्थ हो गया।

प्राथमिक उपचार कर किया सिरोही रेफर

वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जसवंतपुरा से पिंजरा मंगवाया। टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायल भालू को सुरक्षित पिंजरे में डाला। रेस्क्यू के बाद चिकित्सकीय देखरेख में भालू का प्राथमिक उपचार किया गया। हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सिरोही रेफर कर दिया गया।

पहाड़ी क्षेत्र से आने की संभावना

वन विभाग के अनुसार, मंदिर के पास स्थित पहाड़ी क्षेत्र से भालू के भटककर आने की संभावना जताई जा रही है। घटना के बाद विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वन्यजीवों से दूरी बनाए रखें और ऐसी स्थिति में तुरंत सूचना दें। पूर्व में भी निम्बज में भालुओं के हमले से कई लोग घायल हो चुके हैं।

About The Author

You cannot copy content of this page