PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-रेवदर उपखण्ड के मोरवड़ा गांव में शनिवार दोपहर बिजली लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट से एक किसान की खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस घटना में किसान को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है।यह घटना शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे मोरवड़ा गांव के पास स्थित खेत में हुई। खेत के बीच से गुजर रही बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण चिंगारी गिरी, जिससे आग तेजी से फैल गई।
6 बीघा जमीन पर खड़ी फसल जलकर राख
किसान नानजीराम पुत्र लखमाराम की लगभग 6 बीघा जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह से जल गई। आग इतनी भीषण थी कि किसान को अपनी फसल बचाने का कोई मौका नहीं मिला।
खेत में लगी प्लास्टिक की सिंचाई पाइप जली
फसल जलने से किसान को लाखों रुपए का नुकसान हो गया। इसके अलावा, खेत में लगी प्लास्टिक की सिंचाई पाइप भी जलकर नष्ट हो गई, जिससे लगभग 50 हज़ार रुपए का अलग नुकसान हुआ।
प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पटवारी और बिजली विभाग के फीडर इंचार्ज मौके पर पहुंचे और मौका रिपोर्ट तैयार की। पीड़ित किसान और ग्रामीणों ने प्रशासन से बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण हुए इस नुकसान के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।

