PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-होलिका दहन के तीसरे दिन गुरुवार को रेवदर स्थित सरेसी माता मंदिर परिसर में पारंपरिक आस्था और उत्साह के साथ भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कस्बे सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और माता सरेसी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।मेले में पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर ढोल-थाली की धुन पर उत्साहपूर्वक गैर नृत्य प्रस्तुत किया, जो मेले का मुख्य आकर्षण रहा। गैर नृत्य में कस्बे और आसपास के गांवों के दर्जनों युवाओं व पुरुषों ने भाग लेकर माहौल को और भी जीवंत बना दिया। वहीं महिलाओं ने भी रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों में मेले में भाग लेकर लोक संस्कृति की सुंदर छटा बिखेरी।
मेले के अवसर पर सरेसी माता मंदिर परिसर को आकर्षक फूल-मालाओं से सजाया गया तथा रंग-बिरंगी व दुधिया रोशनी से मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय और उत्सवी वातावरण में नजर आया।
मेले में बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए, जिनका सभी ने भरपूर आनंद लिया।इसके अलावा मेले में लगी विभिन्न स्टॉलों पर महिलाओं और परिवारों ने जमकर खरीदारी की। श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में प्रसाद अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। देर शाम तक मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ और उत्साह का माहौल बना रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसी रौनक देखने को मिली। शुक्रवार को कस्बे स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर में तहसीलदार के मेले का आयोजन होगा ।
