PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही -रेवदर में जयपुर एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए पंचायत समिति रेवदर के जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट (जेटीए) दिनेश कुमार वैष्णव को 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई ने पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
10 कैटल शेड के प्रस्ताव को स्वीकृति दिलाने के एवज में मांगी रकम
एसीबी की टीम ने आरोपी को एसडीएम कार्यालय के बाहर कार से पकड़ा। जानकारी अनुसार, ग्राम पंचायत उड़वारिया में 10 कैटल शेड के प्रस्ताव को स्वीकृति दिलाने के एवज में आरोपी ने प्रति कैटल शेड 10 हजार रुपए की मांग की थी। बाद में 8 हजार रुपए प्रति शेड में सौदा तय हुआ। इस तरह कुल 80 हजार रुपए की रिश्वत तय की गई थी।
ग्राम पंचायत प्रशासक ने दी थी शिकायत
परिवादी ग्राम पंचायत प्रशासक जेताराम चौधरी ने एसीबी को शिकायत दी थी। शिकायत के बाद 11 फरवरी को एसीबी टीम ने सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।
यह कार्रवाई एसीबी के डीजी गोविंद गुप्ता और डीआईजी अनिल क़ायल के निर्देशन में की गई। वहीं विशेष अनुसंधान इकाई (SIU) के एएसपी संदीप सारस्वत के निर्देशन में सीआई रघुवीर शरण शर्मा और उनकी टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले की जांच जारी है।

