PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-रेवदर कस्बे में हाल ही में हुई दिनदहाड़े फायरिंग के मामले में अंतरराज्यीय अपराधी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पिछले शुक्रवार को कैंपर गाड़ी में सवार होकर दिनदहाड़े सरेसी ऑटो फाइनेंस ऑफिस में प्रवेश कर अंदर मौजूद स्टाफ से हरिश घांची के बारे में पूछताछ की। स्टाफ द्वारा फोन पर बात करने की बात कहने पर आरोपियों ने नाराज होकर जान से मारने की नीयत से उस पर दो राउंड फायर कर दिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई।
500 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले
घटना के बाद डीएसटी, क्यूआरटी और साइबर सेल की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। टीमों ने रेवदर, दांतराई, सिलदर, कालंद्री, जावाल, भीनमाल, अहमदाबाद, जोधपुर, पाली सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
गिरफ्तार आरोपियों में सवाईसिंह उर्फ सोनू राजपुरोहित निवासी रुघंडी, जिला पाली (हाल सूरत, गुजरात), शिशुपाल सिंह राव निवासी दांतराई और राजेन्द्रसिंह निवासी कालंद्री शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सवाईसिंह उर्फ सोनू लंबे समय से विभिन्न गंभीर आपराधिक मामलों में लिप्त रहा है और राजस्थान-गुजरात में सक्रिय गिरोह से जुड़ा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, मारपीट, लूट और फायरिंग जैसे कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2019 में सुमेरपुर क्षेत्र में करोड़ों की फिरौती प्रकरण और अन्य मामलों में भी उसका नाम सामने आ चुका है।
मोबाइल और सिम अपने नाम से नहीं रखते थे
पुलिस ने बताया कि आरोपी मोबाइल व सिम अपने नाम से नहीं रखते थे और लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहे थे। इसके बावजूद पुलिस टीमों ने तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए उन्हें ट्रैक कर धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

