PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही/जालोर-रेवदर में पकड़ाए ऑनलाइन सट्टा कारोबार में रेवदर थाने के कांस्टेबल प्रभुराम की संदिग्ध भूमिका रही है। मामला उजागर होने के बाद कांस्टेबल थाने से गायब है और उनका फोन स्विच ऑफ आ रहा है। जहां सट्टा चल रहा था, वहां के आस पास के लोग बताते हैं कि 3 माह से यहां हलचल ज्यादा थी। सटोरियों को रहने, खाने पीने की पूरी सुविधाएं यहां मिलती थी। रातभर गाड़ियों का आना-जाना भी लगा रहता था।
एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। बताया जाता है कि कांस्टेबल प्रभुराम ने ही सटोरियों को यह ठिकाना दिलवाया था। प्रभुराम ही पुलिस के नाम पर आरोपियों से वसूली करता था। इधर, रेवदर थानाधिकारी सीताराम पंवार ने बताया कि कांस्टेबल प्रभुराम 2 दिन से ड्यूटी पर नहीं आ रहा है। कांस्टेबल प्रभुराम जालोर जिले के रानीवाड़ा क्षेत्र के बामनवाड़ा का रहने वाला है। इसकी ज्यादातर पोस्टिंग रेवदर व मंडार क्षेत्र में रही है। कुछ समय के लिए पुलिस लाइन से शिवगंज लगाया था, लेकिन राजनीतिक एप्रोच से अपना तबादला रेवदर करवाया लिया था।

