PALI SIROHI ONLINE
नगराज वैष्णव
रानी। छोटी रानी से दूदवर रोड की ओर हाल ही में बनाई गई डामरीकरण सड़क एक महीने के भीतर ही जगह-जगह से उखड़ने लगी है। सड़क की हालत देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया और गुणवत्ता मानकों की खुलकर अनदेखी की गई।
स्थानीय निवासी गजेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्य नियमों को ताक पर रखकर रात के समय कराया गया, ताकि कोई निगरानी या विरोध न हो सके। उन्होंने कहा कि “सड़क बने अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ और डामर परत उखड़ने लगी है। कई स्थानों पर गिट्टी बाहर आ गई है और गड्ढे बनने शुरू हो गए हैं। यह सीधे-सीधे भ्रष्टाचार और लापरवाही का मामला है।”
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान न तो पर्याप्त रोलिंग की गई और न ही मोटाई का सही मापदंड अपनाया गया। सड़क की परत पतली होने के कारण हल्के वाहनों के आवागमन से ही डामर बिखरने लगा है। यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो बरसात में स्थिति और बदतर हो सकती है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, सड़क का पुनः गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए ताकि आमजन को सुरक्षित और टिकाऊ मार्ग मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

