PALI SIROHI ONLINE
रामसीन-रामसीन स्थित प्रसिद्ध श्री आपेश्वर महादेव मंदिर में सात दिवसीय मेले का शुभारंभ महाशिवरात्रि के अवसर पर हुआ। अलसुबह से ही मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जिसके बाद पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
मेले के पहले दिन मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। स्थानीय निवासियों के अलावा आसपास के गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक करने पहुंचे।
मेला मैदान में मनोरंजन और खरीदारी के लिए विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं। बच्चे और युवा झूलों का आनंद ले रहे हैं, जबकि महिलाएं घरेलू सामान और हस्तशिल्प उत्पादों की खरीदारी कर रही हैं। खाने-पीने के स्टालों पर भी लोगों की भीड़ देखी गई।
मेले के आयोजन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मंदिर कमेटी ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। श्री आपेश्वर महादेव सेवा ट्रस्ट, पुलिस प्रशासन और ग्राम पंचायत प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सात दिनों तक चलने वाले इस मेले में आने वाले दिनों में और अधिक भीड़ जुटने की संभावना है। वाहनों को बाईपास से गुजरने की सलाह दी गई है।

