PALI SIROHI ONLINE
राजसमंद-प्रदेश के मुख्य सचिव सुधांशु पंथ ने आज नाथद्वारा पहुंच कर श्रीनाथजी प्रभु के दर्शन किए। उदयपुर के दौरे पर पहुंचे मुख्य सचिव ने राजभोग झांकी के दर्शन किए। मंदिर परंपरानुसार विशाल बावा ने उपरना व रजाई ओढ़ाकर व श्रीनाथजी का प्रशाद भेंट कर उनका समाधान (स्वागत) किया। इस दौरान पंथ ने विशाल बावा से श्रीनाथजी की राग, भोग व श्रृंगार की सेवा प्रणाली की जानकारी ली, विशाल बावा ने ठाकुरजी के फाल्गुन मास में रहने वाले सेवा क्रम से सभी को अवगत कराया व इस अलौकिक लीला के दर्शन करने आने का आमंत्रण भी दिया।
दर्शन के बाद मुख्य सचिव स्थानीय न्यू कॉटेज पहुंचे जहां पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। यहां अल्पहार लेने के दौरान उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से चर्चा की व विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेते हुए क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के बारे में भी जाना। उन्होंने सभी अधिकारियों को मुस्तैदी से कार्य करने व सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वांछित व्यक्तियों तक पहुंचने के निर्देश दिए। न्यू कॉटेज करीब एक घण्टे रुकने के बाद वे उदयपुर के लिए प्रस्थान कर गए। मुख्य सचिव के दौरे के दौरान उनके साथ कलेक्टर बालमुकुंद आसावा, एडीएम नरेश बुनकर, एसपी मनीष त्रिपाठी, उपखंड अधिकारी रक्षा पारिख, डीएसपी दिनेश सुखवाल, मंदिर मंडल सीईओ चेतन त्रिपाठी, तहसीलदार भानु प्रताप सिंह, सीआई मोहन सिंह सहित अधिकारी मौजूद थे।
