PALI SIROHI ONLINE
राजसमंद-राजसमंद में बाइक और एक्टिवा की आमने-सामने की भिड़ंत में रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी समेत 2 की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूर तक भिड़ंत की आवाज सुनाई दी। हादसे के बाद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा देवगढ़ थाना इलाके में हआ।
सड़क से कुछ दूर एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरा हादसा कैद हो गया। भिड़ंत के बाद दोनों व्यक्तियों के शरीर में कोई भी हलचल नजर नहीं आई
भिड़ंत की आवाज सुनकर पहुंचे लोग
थानाधिकारी अनिल बिश्नोई ने बताया- फूल सिंह (75) पुत्र सुल्तान सिंह निवासी दोलाजी का खेड़ा शनिवार शाम को बाइक से कामलीघाट की तरफ जा रहे थे। वह विद्या निकेतन स्कूल के पास पहुंचे ही थे कि सामने से एक्टिवा लेकर आ रहे ईश्वर सालवी (32) पुत्र आसुराम सालवी निवासी विजयपुरा से भिड़ंत हो गई।
थानाधिकारी ने बताया- टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूर तक तेज आवाज सुनाई दी। लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को संभालने के साथ पुलिस को सूचना दी। ईश्वर सालवी की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने ईश्वर को मृत घोषित कर शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया।
डॉक्टर ने फूल सिंह को इलाज के लिए एडमिट किया, लेकिन कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया। रविवार सुबह दोनों शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
ईश्वर के घर की आर्थिक स्थिति नहीं ठीक
मृतक ईश्वर के भतीजे मोहनलाल ने बताया- ईश्वर सालवी का कामली घाट पर होटल था। वह देवगढ़ से कुछ सामान लेकर एक्टिवा से अपने गांव विजयपुरा लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में हादसा हो गया। ईश्वर के पिता की 6 महीने पहले ही छत से गिरने से मौत हो गई थी। घर की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। ईश्वर के 6 साल का बेटा और 3 साल की बेटी है।
रेलवे से रिटायर्ड थे फूल सिंह
जीरण सरपंच चंद्रभान सिंह ने बताया- फूलसिंह रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी थे। वह कामलीघाट से अपने गांव दोलाजी का खेड़ा लौट रहे थे। इस दौरान हादसा हो गया। फूलसिंह के 4 बेटे और 2 बेटियां हैं।

