
PALI SIROHI ONLINE
रायपुर मारवाड़ (ब्यावर)-पाली जिले में एक बाइक को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक 60 साल की महिला की मौत हो गई। वहीं उनका बेटा घायल हो गया। हादसा सोमवार दोपहर करीब 12 बजे, रायपुर मारवाड़ उपखण्ड के ब्यावर पिंडवाड़ा फोरलेन पर हुआ।
रायपुर थाने के हेड कांस्टेबल मल्लाराम ने बताया- सोजत तहसील के खारिया नींव गांव से एक ही परिवार के करीब 6 लोग तीन बाइक पर सवार होकर रायपुर आये थे। यहां से वापस लौटते समय झुठा क्षेत्र के एक होटल के पास हादसा हो गया। इस हादसे में एक बाइक पर सवार एक युवक पारस (45) और उसकी मां पुकी देवी जाट (60) को ट्रेलर ने टक्कर मार दिया।
बेटों से लिए लड़की पसंद करने आई थी पुकी देवी
पुकि देवी जाट (60 वर्ष) अपने बेटे मोहनलाल और नेमाराम के लिए लड़की देखने आए थे। लड़की पसंद आने के बाद रिश्ता लगभग तय हो गया था, जिससे सभी में खुशी का माहौल था। रायपुर में खाना-पीना करने के बाद सभी लोग अपने गांव लौटने के लिए तीन बाइकों पर रवाना हुए। मृतका पुकि देवी अपने मंझले बेटे पारस की बाइक पर पीछे बैठी थीं।
झूठा गांव तक सभी लोग हंसी-खुशी यात्रा कर रहे थे, लेकिन गांव पार करते ही एक होटल के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पारस की बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में पारस और उनकी मां पुकि देवी ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में पुकि देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
बेटा पारस गंभीर हालत में जोधपुर रेफर
राहगीरों की सूचना पर टोल कंपनी की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों को रायपुर के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया। डॉक्टर्स ने पारस की हालत गंभीर होने की वजह से उसे इलाज के बाद जोधपुर रेफर कर दिया है।
वहीं जांच में पता चला कि पुकी देवी जाट की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने उसके शव को रायपुर के उप जिला अस्पताल की मॉच्र्युरी में रखवाया है। परिजनों की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।


