PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के चवरली के पास उदयपुर-पालनपुर फोरलेन पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद ट्रक करीब 30 फीट नीचे नदी में गिरकर पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में ट्रक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल ड्राइवर की पहचान बाड़मेर जिले के जुमे खान के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पिंडवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान वहां से गुजर रहे सरूपगंज थाने के हेड कॉन्स्टेबल सुरेश कुमार पारगी ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद ड्राइवर को ट्रक से बाहर निकाला।
घायल जुमे खान को 108 एंबुलेंस की मदद से पिंडवाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि, उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि ट्रक महाराष्ट्र से कपड़ों की गांठें भरकर पाली की ओर जा रहा था। अचानक अनियंत्रित होकर यह पुलिया से नीचे गिर गया।

