PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में एक 33 साल का शादीशुदा युवक 18 साल की लड़की को शादी की नीयत से भगाकर ले गया। लड़की के बालिग होते ही वह उसे भगाकर ले गया।
इसे लेकर परिजनों ने अहमदाबाद के नवरंगपुरा थाने में मामला दर्ज करवाया है। वहीं सोजत थाने में भी शिकायत दी है।
जिले के सोजत सिटी थाना क्षेत्र में रहने वाली लड़की अहमदाबाद में रहकर बीए की पढ़ाई कर रही थी। अहमदाबाद में ही वह हॉस्टल में रह रही थी।
13 जनवरी को युवक भगाकर ले गया
परिजनों का कहना है- शादीशुदा पड़ोसी ने युवती को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। युवक का अपनी पत्नी से सामाजिक स्तर पर तलाक हो रखा है। दोनों फोन पर बातें करते थे। परिजनों को जब इसका पता चला तो उनके होश उड़ गए। अहमदाबाद के नवरंगपुरा थाने में रिपोर्ट दी। लेकिन पुलिस की ओर से किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने के चलते वे पाली पहुंचे और पाली में सोजत थाने में भी लड़की के गुमशुदगी की रिपोर्ट दी।
लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए मना कर दिया क्योंकि लड़की अहमदाबाद से गई थी। ऐसे में पीड़ित विधवा मां ने कलेक्टर और एसपी से शिकायत कर बेटी को ढूंढने की गुहार लगाई है।
पड़ोसी था इसलिए कभी शक नहीं किया
आरोपी युवक लड़की का पड़ोसी था। ऐसे में उसका घर आना-जाना भी था। पड़ोसी होने के कारण परिजनों ने भी उस पर कभी शक नहीं किया लेकिन आरोपी ने अपने प्रेमजाल में लड़की को फंसाया और शादी की नीयत से भगा ले गया।

