PALI SIROHI ONLINE
कंटालिया | बगड़ी थाना क्षेत्र के झिंझारड़ी गांव में नदी के पास बने एक कुएं में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान झिंझारड़ी निवासी 23 वर्षीय प्रकाश पुत्र गोकुलराम देवासी, हाल निवासी कंटालिया, के रूप में हुई। वह अपनी मां के साथ गांव में किराना व परचून की दुकान चलाता था। बुधवार शाम प्रकाश अपनी मां के साथ खेत में लहसुन बोने गया था। बीज खराब होने पर वह नए लहसुन लाने का कहकर बाइक से निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने रात में ही गुमशुदगी दर्ज कराई।
गुरुवार सुबह झिंझारड़ी गांव के पास कुएं के पास चप्पल और बाइक खड़ी देख ग्रामीणों को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। – एएसआई मल्लाराम चौधरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बाइक के आधार पर युवक की पहचान की।
अनहोनी की आशंका पर ग्रामीणों की मदद से तलाश की गई, जिसमें प्रकाश का शव कुएं से बरामद हुआ। – पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमोर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
