PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली जिले में मंगलवार सुबह लांबिया गांव के पास चलते वाहन का टायर अचानक ब्लास्ट होने से बाइक बेकाबू होकर गिर गई। हादसे में मां-बेटे समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत पाली के बांगड़ अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। हादसे में 5 साल के मासूम के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
खैरवा जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के चिरपटिया गांव निवासी दीपू (35) पुत्र कानाराम मंगलवार सुबह अपने परिवार के साथ खैरवा गांव जा रहा था। बाइक पर उसके साथ मां मिश्रीदेवी (50), छोटे भाई की पत्नी ललिता (27) और ललिता का बेटा जितेंद्र (5) सवार थे। जैसे ही बाइक लांबिया गांव के पास पहुंची, आगे का टायर अचानक ब्लास्ट हो गया। टायर फटते ही बाइक बेकाबू होकर सड़क पर गिर गई और सभी चार लोग घायल हो गए।
बांगड़ अस्पताल में उपचार
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को उठाया और अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया। डॉक्टरों के अनुसार मासूम जितेंद्र के चेहरे पर ज्यादा चोटें हैं। अन्य तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
