PALI SIROHI ONLINE
रावणा अमृत सिंह
पाली-शराबी पति ने प्रेग्नेंट पत्नी को बेरहमी से पीटा। महिला का आरोप है कि पायल बेचकर पति शराब पीना चाहता था। ऐसा करने से रोका तो बुरी तरह पिटाई कर दी। घायल महिला का इलाज पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार- जालोर जिले के भाद्राजून थाना क्षेत्र के निंबला गांव की रहने वाली गुड़िया (23) सात महीने की प्रेग्नेंट है। बुधवार शाम गुड़िया को इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां गुड़िया ने बताया- मेरा पति शराबी है और कम कमाता है। उसने मुझसे चांदी की पायल खोलकर देने को कहा था। ताकि उन्हें बेच कर शराब पी सके।
मैंने पायल देने से इनकार किया तो लाठी और लात-घूंसों से मारपीट कर दी। मेरे पीहर वालों को जानकारी हुई तो वे मुझे इलाज के लिए पाली ले आए। मैं 7 माह की गर्भवती हूं। मेरी शादी 3 साल पहले हुई थी। घर एक बेटी पहले से है।
महिला रोग विशेषज्ञ सुमन चौधरी ने बताया- महिला की जांच की है। गनीमत है कि मारपीट की इस घटना में महिला के पेट में पल रहे शिशु को किसी तरह की चोट नहीं आई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

