PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में एक महिला का शव घर के चौक में साड़ी के फंदे से लटका मिला। पति ने बताया-मैं बच्चों के साथ बाहर के कमरे में था। पत्नी नहाने का बोलकर अंदर गई। काफी देर नहीं आई तो चौक में साड़ी के फंदे से उसका शव लटक रहा था। घटना शुक्रवार सुबह 10 बजे के करीब शहर के पुलिस लाइन क्षेत्र के पास अंबेडकर नगर (गणेशनगर) में हुई।
जानकारी के अनुसार-अम्बेडकर नगर (गणेश नगर) निवासी भोलानाथ और पूजा (27) की शादी 8 साल पहले हुई थी। दोनों के 3 बच्चे हैं। पूजा का भाई (15) भी दीदी-जीजा के पास रहकर पढ़ाई कर रहा है।
भोलानाथ ने बताया- सुबह 9.30 बजे के करीब मैं बाहर वाले कमरे में दो बच्चे के साथ बैठा था। दो बच्चे स्कूल गए हुए थे। पूजा ने नहाने जाने की बात कही और अंदर चली गई। काफी देर तक जब वह नहीं आई तो मैं उसे आवाज लगाता हुआ अंदर गया। मुझे चौक का दरवाजा बंद मिला।
झांककर देखा तो पूजा चौक में साड़ी के फंदे से लटकी मिली। इसके बाद उसे उतार कर बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मामले में जांच शुरू की।

