PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली शहर में गुरुवार शाम एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इन्द्रा कॉलोनी विस्तार में रहने वाली एक महिला ने अपनी पड़ोसी महिला पर पत्थर और लाठी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को तुरंत बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम रानी (36) की पड़ोस में रहने वाली ललिता से किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि झगड़ा मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान ललिता ने रानी के सिर पर पत्थर और लाठी से वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह जमीन पर गिर गई।
स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तुरंत बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया गया।
पहले भी हो चुका है विवाद
घायल महिला रानी ने बताया कि उसकी ललिता से पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका है। इस संबंध में उसने ट्रांसपोर्ट नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस कार्रवाई नहीं होने का लाभ आरोपी को मिला और फिर से हमला हो गया, ऐसा आरोप पीड़िता ने लगाया।
घटना की जानकारी थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता ने सख्त कार्रवाई की मांग की है।
