PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में माही बीज के अवसर पर सीरवी समाज की ओर से मंगलवार को शहर में आई माता की शोभायात्रा निकाली गई। आकर्षक परम्परागत ड्रेस में सजी-धजी महिलाओं और युवाओं की टोलियों ने गैर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी।
शोभायात्रा में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया शिव तांडव नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखने के लिए लोग अपने मोबाइल कैमरों में दृश्य कैद करते नजर आए। पूरे रास्ते में समाजबंधु आई माता के जयकारे लगाते हुए चलते रहे
सीरवी समाज सेवा समिति पाली के देखरेख में सुबह गाजे-बाजे के साथ रामदेव रोड, गांधी कॉलोनी स्थित आई माता मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में आई माता की सुसज्जित झांकी सहित विभिन्न आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। रास्ते में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर नागरिकों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई शोभायात्रा सीरवी छात्रावास के सामने स्थित आई माता सार्वजनिक प्रन्यास पहुंचकर संपन्न हुई। यहां सम्मान समारोह और महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बडी संख्या में सीरवी समाजबंधुओं ने सहभागिता निभाई।
परम्परागत ड्रेस और चश्मे में नृत्य बना आकर्षण आंखों पर काला चश्मा लगाए परम्परागत परिधान में सजी महिलाओं ने गैर नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, वहीं पीछे-पीछे पारंपरिक वेश में सजे युवाओं ने भी उत्साह के साथ नृत्य किया। सूरजपोल चौराहे पर महिलाओं की नृत्य प्रस्तुति को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर कोई इस दृश्य को अपने मोबाइल में कैद करता नजर आया।




