PALI SIROHI ONLINE
सोजत-सोजत पुलिस ने 17 फरवरी को चंडावल थाना क्षेत्र के सांडिया गांव में हुई लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी से 1.85 लाख रुपए लूटे थे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।यह घटना 17 फरवरी को हुई थी, जब सांडिया गांव निवासी रिटायर्ड कर्मचारी चौथराम प्रजापत एसबीआई बैंक से 1 लाख 85 हजार रुपए निकालकर चंडावल से सांडिया लौट रहे थे। सांडिया गांव के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोका, मारपीट की और नकदी छीनकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, सोजत के रतनाराम देवासी के निर्देश पर चंडावल थाना प्रभारी अमराराम मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड देखा और गहन पूछताछ की।
जांच के बाद पुलिस ने गुड़ा बछराज निवासी दीपक (25) और राजू (35) को गिरफ्तार किया। आरोपी दीपक पर आंध्र प्रदेश में हत्या का मामला भी दर्ज है, जिसमें वो जमानत पर बाहर है। राजू भी एक शातिर लुटेरा बताया जा रहा है। इस मामले में तीसरा आरोपी दिनेश उर्फ प्रवीण, जो गुड़ा बछराज का निवासी है, अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उनका रिमांड मांगा है। पुलिस रिमांड के दौरान उनसे लूटी गई रकम बरामद करने का प्रयास करेगी।

