कराड़ी ग्राम में वृद्धा की हत्या, लूट के लिए काटे पैर, कान व गला, गांव में दहशत, पुलिस जुटी जांच में
PALI SIROHI ONLINE
मारवाड़ जंक्शन (पाली)-क्षेत्र के कराड़ी गांव में बुधवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक वृद्धा की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात की क्रूरता ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने लूट के इरादे से महिला की हत्या कर उसके शरीर के अंग काटकर जेवरात लूट लिए। जानकारी के अनुसार कराड़ी निवासी प् यारी देवी सीरवी (65) का शव गांव के तालाब में देशी बबूल के पेड़ के नीचे पड़ा मिला।
जब ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो घटना की जानकारी पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में फैल गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि वृद्धा के दोनों पैर कटे हुए थे तथा कान भी काटे गए थे। गले सहित शरीर परधारदार हथियार से कई वार किए जाने के गहरे निशान मिले। घटना की सूचना पर प्रशासन और पुलिस महकमा हरकत में आया। उपखंड अधिकारी महावीरसिंह जोधा, वृताधिकारी सोजत रतनाराम देवासी, थानाधिकारी राजेंद्र खदाव तथा तहसीलदार शिवजीराम बावरी, प्रशासक भंवरलाल सरगरा सहितअन्य मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र में भी सर्च अभियान चलाया। प्रथम दृष्टया यह मामला लूट के इरादे से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है।
आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने महिला के पहने हुए जेवरात लूटने के लिए उसके पैर और कान काट दिए और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। शाम को पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन भी मौके पर पहुंचीं। उनके साथ एमओबी टीम प्रभारी नन्दकिशोर ने टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच प्रारंभ की।
