पाली- ईट भट्टे की आग में झुलसी मां व दो बेटियां, तीनों की हालत गंभीर, उपचार जारी
PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में ईंट के भट्टे पास खेल रही तीन साल की बच्ची को बचाने के प्रयास में मां अपनी दो मासूम बेटियों के साथ आग की चपेट में आ गई। तीनों हाथ-पैर और चेहरे बुरी तरह झुलस गए। परिजनों ने तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां मां और दोनों बच्चियों का इलाज जारी है। हादसे में दोनों मासूम बच्चियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना जाडन गांव में रविवार रात करीब 9 बजे हुई।
खेलते-खेलते भट्टे के पास पहुंची तीन साल की बच्ची
हादसे में झुलसी महिला नारंगी (25) ने बताया- परिवार के साथ ईंट भट्टे पर काम करते हैं। रविवार रात को भट्ट के पास दिलीप झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान उनकी तीन साल की बेटी दिव्यांशी खेलते-खेलते ईंट के भट्टे के पास चली गई।
बेटी को बचाने दौड़ी मां, खुद भी आग की चपेट में आई
नारंगी ने बताया – जब उनकी नजर बेटी पर पड़ी तो वह उसे बचाने के लिए दौड़ पड़ीं। उस समय उनकी गोद में छह माह की बेटी मानसी भी थी। दिव्यांशी को भट्टे की आग से बचाने के प्रयास में वे खुद भी आग की चपेट में आ गईं।
तीनों मां-बेटियां बुरी तरह झुलसी
जानकारी के अनुसार ईंटों को पकाने के लिए भट्टा चालू था। आग की चपेट में आने से तीन साल की बच्ची दिव्यांशी का पूरा शरीर, छह महीने की बच्ची मानसी का चेहरा व पैर और मां के पैर, हाथ व चेहरा झुलस गया। मासूम बच्चियों को अधिक झुलसन होने से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
चीख सुनकर पहुंचे लोग, हॉस्पिटल पहुंचाया
घटना के बाद नारंगी की चीख-पुकार सुनकर झोपड़ी में सो रहे उनके पति और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तुरंत तीनों को पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों की टीम मां और दोनों बच्चियों की हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
