
PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में पैदल विहार कर रहे जैन संत की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने जैन संत आचार्य पुंडरिक रत्न सुरीश्वर को टक्कर मार दी।
जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी। इलाज के लिए उन्हें बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसा बुधवार सुबह 6.30 शिवपुरा थाना इलाके में जाडन में हुआ।
साथी जैन संतों के साथ निकले थे
जाडन चौकी प्रभारी रामनिवास ने बताया कि जैन संत MITS कॉलेज से साथी जैन संतों के साथ विहार पर रवाना हुए थे। करीब 10 किलोमीटर चलने के बाद उन्हें जाडन टोल नांके पास स्थित विराट धाम पहुंचना था।
यहां 1 जून को मानपुरा भाकरी स्थित धार्मिक प्रोग्राम में हिस्सा लेना था। रास्ते में 70 साल के संत को मिनी ट्रक टक्कर मारकर फरार हो गया। साथ संत व उनके अनुयायी उन्हें तुरंत बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां उनकी मौत हो गई।
समुंद्र विहार में जैन संत की पार्थिव देह
हादसे की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। संत की पार्थिव देह को समुंद्र विहार ले गए।
जहां जैन समाज के लोगों की भीड़ जमा हो गई। जैन संत के देवलोक गमन की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर एलएन मंत्री, एसपी चुनाराम जाट भी समुंद्र विहार पहुंचे और हादसे को लेकर दुख व्यक्त किया।


