PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में एक 25 साल की विवाहिता की गुरुवार सुबह चाय बनाते समय अचानक मौत हो गई। परिजन हॉस्पिटल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। ऐसे में बुझे मन से विवाहिता के अंतिम संस्कार की घर में तैयारियां की जा रही थी। स्नान करवाने की रस्म के दौरान एक महिला ने कहां कि सांसे चल रही है। ऐसे में परिजन तुरंत गाड़ी में डालकर विवाहिता को पाली हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी हॉस्पिटल पहुंची और परिजनों से मामले की जानकारी ली।
घटना पाली जिले के जाडन गांव में हुई। गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे 25 वर्षीय विवाहिता गुड़िया उर्फ गुड्डी पत्नी केवलचंद चूल्हे पर चाय बना रही थी। अचानक चाय बनाते समय बैठे-बैठे नीचे गिर गई। यह देख परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए जाडन हॉस्पिटल ले गए। जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच महिला ने कहां अभी सांस आ रही
अचानक महिला की मौत होने से पूरा परिवार सदमे में आ गया। मृतका के पति और सास का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। मृतका के अंतिम संस्कार की तैयारियां की जाने लगी। सुबह करीब 12 बजे मृतका को अंतिम स्नान करवाने की रस्म घर में महिलाएं कर रही थी। इस दौरान एक महिला को ऐसा लगा कि मृतका गुड्डी की अभी सांसे चल रही है। यह बात परिजनों को बताई तो वे तुरंत मृतका को गाड़ी में डालकर पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
3 महीने पहले ही दिया बेटी को जन्म
मृतका के रिश्तेदार दलाराम ने बताया कि मृतका गुड्डी ने तीन महीने पहले ही बेटी को जन्म दिया था। उसके एक 5 साल की बेटी गूंजन और चार साल का लड़का भी है। मृतका का पति केवलचंद मजदूरी का काम करत है। विवाहिता की कम उम्र में मौत होने से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वही तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। मृतका की करीब सात साल पहले केवलचंद से शादी हुई थी।