• April 11, 2026

पाली-ड्रग्स फैक्ट्री की सूचना पर पहुंची AGTF टीम, दबिश में मिली 74.13 ग्राम एमडी; तीन गिरफ्तार

PALI SIROHI ONLINE

पाली-पाली जिले में MD-ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री चलने की सूचना पर शनिवार को जयपुर से AGTF (एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स) पाली पहुंच गई। यहां टीम ने एक मकान पर दबिश दी। लेकिन महज 74.13 ग्राम एमडी मिली। इसे जब्त कर 3 युवकों को गिरफ्तार किया गया। इनसे पूछताछ जारी है। मामला मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के बिठूड़ा कलां गांव का है।

CO सोजत सिटी रतनाराम देवासी ने बताया- मुखबिर की सूचना पर जयपुर से AGTF टीम ने मारवाड़ जंक्शन थाना (पाली) पुलिस के साथ इलाके के बिठोड़ा कलां गांव पहुंची। यहां शेरू खान पुत्र इब्राहिम के मकान पर दबिश दी। मकान के पहले फ्लोर पर एक कमरे में 3 युवक मिले। इनकी तलाशी ली तो 74.13 ग्राम एमडी मिली। इसे जब्त किया गया।

पूछताछ के बाद शेरू खान पुत्र इब्राहिम खान (25), अजय उर्फ रवि पुत्र छगनचंद (23) और राहुल पुत्र सूजाराम (20) को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी स्थानीय

CO सोजत सिटी रतनाराम देवासी ने बताया शेरू खान मारवाड़ जंक्शन के बिठोड़ा कलां गांव का रहने वाला है। इसी के मकान में एमडी की फैक्ट्री चलने की सूचना थी। दूसरा आरोपी अजय पाली जिले के सिचाणा (सिरियारी) का रहने वाला है और राहुल मारवाड़ जंक्शन के ही चेलावास गांव का रहने वाला है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।

कार्रवाई के दौरान सिरियारी थानाप्रभारी हुकमगिरी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा।

About The Author

You cannot copy content of this page