PALI SIROHI ONLINE
पाली। पाली में मंदिर पर लाइट डेकोरेशन का काम करते समय करंट लगने से युवक की मौत हो गई। परिजनों ने हादसे के लिए डिस्कॉम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि काम शुरू करने से पहले बिजली का शटडाउन लिया गया था, लेकिन इसके बावजूद अचानक सप्लाई बहाल कर दी गई, जिससे युवक करंट की चपेट में आ गया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
बाला गांव के मंदिर में कर रहा था काम
हादसा पाली जिले के गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र के बाला गांव में गुरुवार सुबह हुआ। जानकारी के अनुसार योगेंद्र (20) पुत्र राणाराम सरगरा गांव के एक मंदिर में लाइट डेकोरेशन का काम कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लग गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने लगाया डिस्कॉम पर लापरवाही का आरोप
मृतक के परिजनों का कहना है कि मंदिर में काम शुरू करने से पहले बिजली सप्लाई का शटडाउन लिया गया था। आरोप है कि डिस्कॉम कर्मचारियों ने लापरवाही बरतते हुए कुछ समय बाद ही बिजली सप्लाई दोबारा शुरू कर दी। अचानक करंट प्रवाहित होने से योगेंद्र इसकी चपेट में आ गया और उसकी जान चली गई। परिजनों ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में बांगड़ हॉस्पिटल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन रहा।


