पाली-गैस किल्लत- टास्क फोर्स सक्रिय,सुमेरपुर रानी में 18 सिलिंडर जब्त,बोले घरेलू गैस की कोई कमी नहीं, बाली के ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिख सकती है बड़ी कार्यवाही
PALI SIROHI ONLINE
पिन्टु अग्रवाल बाली/नगराज वैष्णव रानी
पाली-जांच दल ने पाली शहर की गैस एजेन्सी गोदाम एवं प्रतिष्ठानों का किया भौतिक निरीक्षण*
पाली, 13 मार्च। जिला कलक्टर एल एन मंत्री के निर्देशन में गठित जांच दल द्वारा शुक्रवार को पाली शहर की गैस एजेन्सी गोदाम एवं प्रतिष्ठानों का भौतिक निरीक्षण किया। टीम में अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओमप्रभा, उप पुलिस अधीक्षक जयसिंह तंवर, उप जिला कलक्टर विमलेन्द्र राणावत एवं जिला रसद अधिकारी कमल कुमार पंवार सम्मिलित रहे।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाली शहर स्थित मैसर्स लक्ष्मी इण्डेन गैस के गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर गैस एजेन्सी धारक को ऑयल कम्पनी से प्राप्त गैस सिलेण्डरों की नियमित रूप से होम डिलीवरी करने तथा उपभोक्ताओं से अधिक राशि नहीं वसूलने व बुकिंग अनुसार गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति करने के निर्देश प्रदान किये गये।
इसी क्रम में पाली शहर के पणिहारी चौराहा स्थित श्रीनाथ रेस्टोरेन्ट एवं नया बस स्टेण्ड स्थित केसर रेस्टोरेन्ट का भी औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रतिष्ठान मालिकों को घरेलू गैस सिलेण्डरों का व्यावसायिक उपयोग नहीं करने व व्यावसायिक गैस सिलेण्डरों की अवैध से जमाखोरी नहीं करने के निर्देश प्रदान किये गये। इसके अतिरिक्त जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, पुलिस प्रशासन एवं प्रवर्तन अधिकारी/निरीक्षकों द्वारा कुल 11 गैस एजेन्सियों का निरीक्षण किया गया तथा उपखण्ड क्षेत्र रानी एवं सुमेरपूर में 7 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच में 5 घरेलू गैस सिलेण्डर एवं 13 व्यावसायिक गैस सिलेण्डर मय भट्टी जब्त किये गये।
जिले में अवैध रिफलिंग, अवैध भण्डारण, उच्च दामों पर विक्रय, कालाबाजारी इत्यादि के संबंध में क्षैत्र में सतत निगरानी की जा रही है तथा अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 एवं द्रवीकृत पैट्रोलियम गैस (आपूर्ति का विनियमन एवं वितरण) आदेश, 2000 की सुसंगत धाराओं व नियमों के तहत कठोर दंडात्मक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। साथ ही यह दल जिले में गैस एजेन्सियों का भौतिक निरीक्षण कर गैस आपूर्ति पर सतत निगरानी की जा रही है। जिले में प्रतिदिन 7000 गैस सिलेण्डरों की मांग रहती है जिसके एवज में आज दिनांक को जिले मे 13000 घरेलू गैस सिलेण्डरों का स्टॉक उपलब्ध है एवं निरंतर प्लांट से गैस एजेंसीयों को आपूर्ति जारी है एवं गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ता को बुकिंग के बाद गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति की जा रही है। उपभोक्ता एलपीजी गैस आपूर्ति के संबंध में 181, 112 तथा उपभोक्ता मामलात विभाग की हैल्पलाईन नम्बर 14435 तथा जिला रसद कार्यालय पाली के कन्ट्रोल रूम 02932-251007 पर शिकायत कर सकते है।


