PALI SIROHI ONLINE
बसों से हटाने होंगे छत के कैरियर एवं सीढ़ियां, 31 दिसम्बर तक दिया समय, 1 जनवरी से होगी कार्यवाही
पाली, 29 दिसम्बर। प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ने जिले के समस्त निजी बस मालिकों, संचालकों एवं चालकों से अपील की है कि वे अपनी बसों की छतों पर लगे कैरियर तथा ऊपर चढ़ने हेतु लगी सीढ़ियों को 31 दिसम्बर तक अनिवार्य रूप से हटा लें। इसके लिए संबंधित सभी पक्षों को तीन दिवस का समय प्रदान किया गया है।
निर्धारित अवधि के पश्चात यदि किसी बस में छत का कैरियर अथवा सीढ़ियां पाई जाती हैं तो 1 जनवरी 2026 से प्रवर्तन कार्यवाही की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालान काटने के साथ बसों को सीज किया जाएगा।
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ने बताया कि कुछ निजी बस संचालकों द्वारा बसों की छतों पर यात्रियों को बैठाने तथा सामान लादने आदि जो सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत गंभीर है। सड़क सुरक्षा मानकों की पालना से दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर है। ओवरलोडिंग एवं ओवरक्राउडिंग की समस्या को ध्यान में रखते हुए यह निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

