PALI SIROHI ONLINE
सोजत-सोजत पुलिस वृत्त के बगड़ी नगर थाना क्षेत्र के हरियामाली गांव के पास 4 मार्च को एक अधेड़ व्यक्ति की लाठी मारकर हत्या कर दी गई थी। होली खर्च के पैसे नहीं देने पर हुई इस वारदात में पुलिस ने तीन नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गत 4 मार्च को बगड़ी नगर थाना क्षेत्र के केरखेड़ा निवासी 51 वर्षीय जसवंत सिंह अपने साथी के साथ बाइक से केलवाद से अपने गांव केरखेड़ा लौट रहे थे। हरियामाली गांव के पास कुछ बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर होली खर्च के लिए पैसे मांगे।
जसवंत सिंह ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद बदमाशों ने आवेश में आकर उनके सिर पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में जसवंत सिंह निढाल होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत बगड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद गुरुवार को बगड़ी अस्पताल के बाहर ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, सरकारी जमीन पर बने उनके अवैध निर्माण को ध्वस्त करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे।पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा करीब तीन घंटे तक समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद ग्रामीण पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गए। समझौते के अनुरूप प्रशासन ने सोजत तहसीलदार डॉ. दिलीप सिंह की मौजूदगी में गुरुवार शाम को ही आरोपियों के सरकारी जमीन पर बने कच्चे व कुछ अधूरे पक्के निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। शेष पक्के निर्माण को ध्वस्त करने की प्रक्रिया जारी है।
बगड़ी थाना अधिकारी प्रहलाद सिंह शेखावत ने बताया कि इस मामले में तीन नाबालिगों के साथ गौतमनाथ पुत्र रानीनाथ को गिरफ्तार कर लिया गया है।

