PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में होली पर रुपए नहीं देने पर एक बुजुर्ग की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी। गुस्साए परिजनों ने हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एडिशनल एसपी जयसिंह तंवर ने बताया कि पाली जिले के बगड़ी नगर थाना क्षेत्र के बडलिया बेरा निवासी भूराराम (40) पुत्र जगराम सीरवी और केर खेड़ा गांव निवासी जसवंत सिंह (51) पुत्र सुमेर सिंह बाइक लेकर बुधवार दोपहर को केलवाज से हरियामाली जा रहे थे।
बाइक रूकवाकर मांगे होली के रुपए
पुलिस के अनुसार- रास्ते में सारंगवास गोशाला के पास तीन-चार बदमाश मिले। उन्होंने उनकी बाइक रूकवाई और होली के त्योहार होने पर खर्ची के रूप में रुपए मांगें। जसवंत सिंह ने देने से मना कर दिया। इससे बदमाश गुस्सा हो गए और जसंवतसिंह के सिर पर लाठी से वार किया। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए बगड़ी हॉस्पिटल लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। आरोपियों की तलाश में दो टीमें गठित कर रवाना की। फिलहाल बॉडी मॉर्च्यूरी में रखवाई गई है। इस बीच मृतक के परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सुरक्षा को लेकर मौके पर पुलिस जाप्ता तैनात किया गया।

