PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
पाली-घर से खाना खाकर टहलने निकले 85 साल के बुजुर्ग का शव खाली प्लॉट में मिला। परिवार के लोग मंदिर में दर्शन करने गए थे। बुजुर्ग घर पर अकेले थे। मामला पाली जिले के औद्योगिक थाना इलाके के भालेलाव एरिया का है। घटना गुरुवार की है।
पाली-औद्योगिक थाने के एएसआई कंवरीलाल चौधरी ने बताया-जिले के सिरियारी थाना एरिया के गुड़ा दुर्गा हाल पाली के गणपति नगर (औद्योगिक थाना) निवासी कान सिंह (85) पुत्र रघुनाथ सिंह गुरुवार को घर से टहलने के लिए निकले थे। लेकिन बाद में उनकी बॉडी औद्योगिक थाना इलाके के भालेलाव रोड एरिया में एक प्लॉट में मिली।
सूचना पर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बॉडी को बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। शव की शिनाख्त होने के बाद परिवार को सूचना दी।
देवगढ़ मंदिर में दर्शन करने गया था परिवार
परिजन ने पुलिस को बताया- गुरुवार को परिवार के लोग देवगढ़ मंदिर में दर्शन करने गए हुए थे। पीछे से कान सिंह घर में अकेले थे। सुबह का खाना खाने के बाद वे हमेशा की तरह घर से टहलने के लिए निकले थे।
उन्हें बीपी की शिकायत थी। ऐसे में संभवतः तबियत बिगड़ने से उनकी मौत हुई। बॉडी पर किसी तरह की चोट का निशान भी नहीं मिला।
पुलिस का कहना है कि मौत का पुख्ता कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया।

