PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां साफ-सफाई के दौरान तीसरी मंजिल से नीचे गिरने से (30) विवाहिता की मौत हो गई। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने के बाद महिला को बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार पिंडवाड़ा (सिरोही) निवासी ममता पत्नी चम्पालाल वैष्णव पाली शहर के आदर्श नगर में अपनी बहन मीना वैष्णव के साथ रहती थी।
गुरुवार सुबह वह सूरजपोल क्षेत्र स्थित महावीर कॉम्पलेक्स पहुंची थी। वहां तीसरी मंजिल पर साफ-सफाई करते समय अचानक उसका पैर फिसल गया।
तीसरी मंजिल से फर्स्ट फ्लोर पर गिरी
पैर फिसलने के बाद ममता संतुलन नहीं संभाल पाई और जाली से होते हुए सीधे फर्स्ट फ्लोर पर जा गिरी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं, खासकर सिर में गहरी चोट लगी।
हादसे के तुरंत बाद ममता को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगना ही मौत का मुख्य कारण रहा।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
बताया जा रहा है कि मृतका के तीन बच्चे है। हादसे की खबर सुनकर उसकी बहन और परिवार के अन्य सदस्य भी बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। जहां उसकी बॉडी देख उनका रो-रो कर बुरा हाल हो गया।

