पाली में मधुमक्खियों के हमले से गर्भवती महिला समेत 10 महिला घायल, दशा माता की पूजा के दौरान फैले धुंए से भड़की मधुमक्खी
PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली शहर में शुक्रवार सुबह दशा माता की पूजा के दौरान मधुमक्खियों ने महिलाओं पर हमला कर दिया।अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और 10 से अधिक महिलाएं घायल हो गईं।
पूजा के दौरान अचानक मधुमक्खियों का हमला
पार्षद नरेश मेहता ने बताया कि पाली शहर के तिलक नगर स्थित हनुमान मंदिर में शुक्रवार सुबह महिलाएं दशा माता की पूजा कर रही थीं।इसी दौरान मंदिर परिसर में पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते तक धुआं पहुंच गया।धुएं के कारण मधुमक्खियां भड़क गईं और पूजा कर रही महिलाओं पर हमला कर दिया। इससे वहां मौजूद महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई।
गर्भवती महिला की हालत बिगड़ी
घटना में महावीर नगर निवासी 7 माह की गर्भवती डिम्पल, पत्नी हड़मना राम की तबीयत अधिक खराब हो गई। उन्हें तुरंत इलाज के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
अन्य महिलाएं खतरे से बाहर
मधुमक्खियों के हमले में 10 से अधिक महिलाएं घायल हुईं। हालांकि अन्य सभी महिलाओं की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

