PALI SIROHI ONLINE
सोजत-राजस्थान हाईकोर्ट के निर्देश पर सोजत पुलिस के बगड़ी नगर थाने के एएसआई और बड़ा गुड़ा चौकी इंचार्ज प्रहलाद सिंह को निलंबित कर दिया गया है। उन पर भूमाफियाओं से सांठगांठ कर एक व्यक्ति को उसके मकान से बेदखल करने का आरोप है। यह कार्रवाई पाली एसपी आदर्श सिद्धू ने की है।
परिवादी कानाराम प्रजापत (निवासी हीरावास) ने राजस्थान हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की थी। इसमें आरोप लगाया गया कि पिछले साल 20 सितंबर को बड़ागुड़ा चौकी इंचार्ज प्रहलाद सिंह ने भूमाफिया कानाराम सैणीदेवी के साथ मिलकर उन्हें उनके गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान से बेदखल करने के लिए मुकदमा दर्ज कराया।
परिवादी के अनुसार, 28 सितंबर को उन्हें जबरदस्ती घर से उठा लिया गया। इस संबंध में उन्होंने बगड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्याय के लिए हाईकोर्ट का रुख किया।
हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद पाया कि इस पूरे घटनाक्रम में एएसआई प्रहलाद सिंह की भूमिका संदिग्ध और दूषित प्रतीत होती है। जस्टिस फरजंद अली ने पाली एसपी को आरोपी एएसआई के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसी निर्देश के बाद पाली एसपी आदर्श सिद्धू ने प्रहलादसिंह को निलंबित कर दिया।
