PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखण्ड के नाना थाना क्षेत्र में गरासिया समाज ने नाना पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन कर बदमाश प्रवृत्ति के युवकों की गिरफ्तारी की मांग
नाना थाना क्षेत्र में चोरी, लूट, मारपीट, नशाखोरी तथा तेज गति से वाहन चलाने जैसी घटनाओं में लिप्त कुछ बदमाश प्रवृत्ति के युवकों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर गरासिया समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर थानाधिकारी रतन सिंह देवड़ा को ज्ञापन सौंपा।
गरासिया समाज के प्रतिनिधियों ने नाना थानाधिकारी रतन सिंह देवड़ा को ज्ञापन देकर क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने और बदमाश प्रवृत्ति के युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस पर थानाधिकारी रतन सिंह देवड़ा ने समाज के पंच-पटेलों और जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए बताया कि होली महोत्सव के दौरान मारपीट और हुड़दंग मचाने वाले बदमाशों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए जा चुके हैं तथा आरोपियों को चिन्हित भी कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
थानाधिकारी ने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज में फैल रही कुरीतियों, विशेषकर शराब सेवन जैसी बुराइयों से दूर रहने और शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। साथ ही नाबालिगों को वाहन नहीं देने की भी समझाइश दी।
इस दौरान रामपुरा प्रशासक कैलाश गरासिया, कुमटिया प्रशासक कुसाराम गरासिया, ठंडीबेरी प्रशासक कैसा राम गरासिया, गरासिया समाज सेवा समिति के उस्मा राम गरासिया, नाना के पूर्व सरपंच काला राम गरासिया, युवा समाजसेवी भीमा राम, विक्रम, कमलेश सहित बड़ी संख्या में पंच-पटेल और समाज के लोग मौजूद रहे।




