PALI SIROHI ONLINE
बाली। उपखण्ड के नाणा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बेरड़ी ग्राम पंचायत के निकट झुंपा सेरावा में पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर जंगल में जाकर खुद भी आत्महत्या कर ली।
नाना थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा के अनुसार पति लालाराम गमेती और पत्नी कमला (30) के बीच किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि लालाराम ने पत्नी कमला के साथ मारपीट की जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतका कमला के पिता सोमेडाराम गमेती जो सरली बेरी कोटीवाड़ा के निवासी हैं ने नाणा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या उसके पति लालाराम पुत्र जीवाराम गमेती ने की है।
शिकायत मिलते ही नाणा थानाधिकारी रतनसिंह देवड़ा अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका कमला के शव को कब्जे में लेकर चामुंडेरी पीएचसी की मोर्चरी में भिजवाया
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पास के जंगल क्षेत्र में एक पहाड़ी के निकट एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ है। पुलिस टीम तुरंत उस स्थान पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान लालाराम पुत्र जीवाराम गमेती के रूप में हुई, जो मृतका कमला का पति था। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद कमला का शव उसके पिता सोमेडाराम गमेती को सौंप दिया गया, जबकि लालाराम का शव उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया।
फिलहाल, नाणा पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगा रही है।

