PALI SIROHI ONLINE
पिन्टु अग्रवाल
पाली जिले के बाली विधानसभा क्षेत्र से कानून व्यवस्था को लेकर आमजन की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत के प्रयास रंग लाए हैं। देसूरी तहसील के नाडोल स्थित पुलिस चौकी को अब पुलिस थाने में क्रमोन्नत किया जाएगा।
लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग थी कि बढ़ती जनसंख्या और क्षेत्रीय विस्तार को देखते हुए नाडोल पुलिस चौकी को थाना बनाया जाए, ताकि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके। विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए लगातार राज्य सरकार के समक्ष उठाया।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में नाडोल पुलिस चौकी को पुलिस थाने में क्रमोन्नत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है।
पुलिस थाना बनने से नाडोल सहित आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। आमजन को रिपोर्ट दर्ज कराने, त्वरित कार्रवाई और बेहतर पुलिस व्यवस्था का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा। इससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
घोषणा के बाद विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाली विधानसभा क्षेत्र के विकास और सुरक्षा को लेकर वे निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाते रहेंगे।
क्षेत्रवासियों ने भी इस महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत करते हुए राज्य सरकार और विधायक का धन्यवाद ज्ञापित किया है।

