
PALI SIROHI ONLINE
पिन्टू अग्रवाल चामुंडेरी
बाली। उपखण्ड के मुंडारा ग्राम में प्रख्यात चामुंडा माता मंदिर में अज्ञात चोरों ने प्रवेश कर दानपात्र चोरी कर ले गए। चोरी की वारदात के बाद बताया जा रहा है कि भंडारे में अनुमानित 4 लाख से अधिक की रकम थी। मंदिर के मुख्य पुजारी राज्यमंत्री ओटाराम देवासी है, जो वारदात के समय कुछ दूरी पर ही खुले में सो रहे थे। परन्तु नींद में होने से चोरी की वारदात का पता सुबह चला।
मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य गजेंद्र सिंह करणोत ने बताया कि राज्यमंत्री ओटाराम देवासी देर रात ही मुंडारा पहुचे थे और मन्दिर परिसर में सो गए थे
इसी दौरान चोरों ने मंदिर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और सीसीटीवी की केबल काट दी। इसके बाद मंदिर परिसर में घुसे। मंदिर के मुख्य गेट के पास लगा दान पात्र सरिये से उखाड़कर ले गए। और दानपात्र उठाकर मंदिर के पीछे खाली जगह में ले गए। जहां उसमें रखी अनुमानित 4 लाख से अधिक की नकदी चुरा ली। साथ ही मंदिर भवन की छत पर सो रहे युवक का मोबाइल भी चुरा लिया।
सवेरे मंदिर में मौजूद लोग उठे तो दानपात्र गायब मिला।
इसकी सूचना सादड़ी पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर सादड़ी पुलिस सीआई हनवंत सिंह सोढ़ा, मंदिर प्रबंधन समिति उपाध्यक्ष और बाली तहसीलदार जितेंद्र सिंह समेत समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। आस-पास लगे सीसीटीवी की जांच की जा रही है।
गजेंद्र सिंह करणोत ने बताया कि दानपात्र 21 फरवरी को खोला गया था। जिसमें करीब 5 लाख से ज्यादा चढ़ावा प्राप्त हुआ था। दानपत्र के भरने के बाद प्रबंधन समिति द्वारा खोला जाता है। इस बार नवरात्रि होने के चलते दानपात्र में राशि ज्यादा होने का अनुमान जताया जा रहा था।


