PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-अतिरिक्त यात्री भार और सुविधाजनक यात्रा मैनेजमेंट को देखते हुए रेलवे ने मुंबई सेंट्रल-भगत की कोठी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि बढ़ाई है। साथ ही जोधपुर मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ तकनीशियन किशनाराम गुर्जर को ‘एम्प्लॉय ऑफ द मंथ’ सम्मान से नवाजा गया।
मुंबई सेंट्रल-भगत की कोठी स्पेशल का विस्तार
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया- ट्रेन नंबर 09083/09084 मुंबई सेंट्रल-भगत की कोठी साप्ताहिक स्पेशल रेल की संचालन अवधि में विस्तार किया गया है। मुंबई सेंट्रल से यह स्पेशल ट्रेन 7 जनवरी 2026 से 25 फरवरी 2026 तक कुल 8 ट्रिप के लिए चलेगी।
वहीं भगत की कोठी से इसका संचालन 9 जनवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक 8 ट्रिप के रूप में किया जाएगा। संचालन समय और सभी ठहराव पूर्ववत रहेंगे, यानी पहले से तय टाइम टेबल और स्टेशन स्टॉप में कोई बदलाव नहीं किया गया है।डेगाना-रतनगढ़ खंड में उत्कृष्ट सेवा पर गुर्जर का सम्मान उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवाएं देने पर सुजानगढ़ रेलवे स्टेशन पर कार्यरत वरिष्ठ तकनीशियन किशना राम गुर्जर को ‘एम्प्लॉय ऑफ द मंथ-अक्टूबर’ सम्मान दिया गया। अक्टूबर महीने के दौरान डेगाना-रतनगढ़ रेलखंड में विद्युत संबंधी समस्याओं के जल्द निपटारा में गुर्जर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रेल अधिकारियों के अनुसार महाप्रबंधक अमिताभ के निरीक्षण के दौरान भी किशना राम गुर्जर ने अन्य विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विभिन्न तकनीकी समस्याओं के समाधान में तत्परता दिखाई। उनकी इसी जिम्मेदाराना कार्यशैली और अनुकरणीय प्रदर्शन के लिए मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी की ओर से उन्हें ‘एम्प्लॉय ऑफ द मंथ-अक्टूबर’ पुरस्कार दिया गया।
सम्मान समारोह में मौजूद रहे अधिकारी
सम्मान कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) महेंद्र कुमार मीणा भी मौजूद रहे। उनके साथ वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने भी किशनाराम गुर्जर के कार्यों की सराहना की।

