PALI SIROHI ONLINE
पिन्टू अग्रवाल/खीमाराम/जगे सिंह
राजस्थान विधानसभा में आज एप्रोपिएशन बिल पर हुई बहस के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कई अहम घोषणाएं कीं। इनमें सबसे बड़ी घोषणा माउंट आबू के नाम परिवर्तन को लेकर रही। अब Mount Abu को आधिकारिक रूप से “आबूराज” के नाम से जाना जाएगा।
राज्य मंत्री ओटाराम देवासी के निजी सहायक जगदीश देवासी ने बताया कि माउंट आबू का नाम “आबूराज” करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस संबंध में राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी तथा पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया था।
राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर माउंट आबू के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को विस्तार से बताया था। उसी के परिणामस्वरूप मुख्यमंत्री ने आज सदन में माउंट आबू का नाम “आबूराज” करने की घोषणा की। इस घोषणा पर राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कई अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं—
• सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर विधायकों के वेतन और भत्तों में हर वर्ष बढ़ोतरी की जाएगी।
• मनरेगा (एमजीएनरेगा) योजना में मजदूरों को हर सप्ताह भुगतान किया जाएगा।
• पंचायतों को विकास कार्यों के लिए 9200 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाएंगे।
• आदिवासी युवाओं को स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
• हाउसिंग बोर्ड के माध्यम से पत्रकारों और विधायकों के लिए आवासीय योजना लाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन निर्णयों का उद्देश्य प्रदेश के विकास को गति देना, युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और ग्रामीण ढांचे को मजबूत करना है। सदन में की गई इन घोषणाओं को राज्य की राजनीति और विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


