PALI SIROHI ONLINE
मोदरान-मोदरान पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मोदरान भीमपुरा रोड पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने अवैध बजरी से भरा एक डंपर जब्त किया। इस कार्रवाई से सुकड़ी नदी और स्थानीय तालाबों में हो रहे अवैध खनन का भी खुलासा हुआ है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।मोदरान चौकी इंचार्ज जय सिंह और कांस्टेबल गणपत सिंह मोदरान-भीमपुरा रोड पर नाकाबंदी कर रहे थे। उन्होंने एक डंपर को रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। जांच में डंपर में अवैध बजरी भरी पाई गई। पुलिस ने डंपर जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं का भी पर्दाफाश हुआ है।
तालाब में मशीनरी लगाकर किए जा रहे अंधाधुंध खनन से गहरे गड्ढे बन गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इन गहरे गड्डों के कारण पास स्थित प्रसिद्ध मां आशापुरी मंदिर की नींव कमजोर हो सकती है, जिससे भविष्य में बड़े नुकसान का खतरा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जसवंतपुरा तहसीलदार और खनन विभाग को इस पूरे मामले की जानकारी है। इसके बावजूद, कंपनी के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन की इस कथित निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा रोष है।

