PALI SIROHI ONLINE
मोदरान-मोदरान से धनजीवाड़ा और लूर से भीनमाल को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। सड़क के डामरीकरण के सालों बाद भी इसके किनारों पर मिट्टी नहीं डाली गई है, जिससे यह रास्ता हादसों को न्योता दे रहा है।
सड़क की ऊंचाई अधिक होने और किनारों पर मिट्टी का भराव नहीं होने के कारण सड़क के किनारे तीखे और खतरनाक हो गए हैं। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के अनुसार बड़े वाहन के सामने आने पर गाड़ी को सड़क से नीचे उतारना पड़ता है। पटरी न होने से टायर सीधे डामर से टकराते हैं, जिससे टायर फटने और रिम क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं बढ़ गई हैं।
दो वाहन आमने-सामने आने पर जगह की कमी के कारण अक्सर साइड मिरर टूट जाते हैं। यदि कोई चालक गाड़ी नीचे नहीं उतारता, तो वाहनों की भिड़ंत का खतरा बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह सड़क विशेष रूप से असुरक्षित है। अचानक साइड लेते समय संतुलन बिगड़ने से कई बाइक और स्कूटी सवार गिरकर चोटिल हो चुके हैं।भरुड़ी में एक निजी कंपनी में कार्यरत रजाक खान सेरना ने बताया कि उन्हें मोदरान से भरुड़ी तक प्रतिदिन इसी सड़क से आना-जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में कई हादसे होते हैं और सड़क भी कई जगह से टूट चुकी है। उनके अनुसार सड़क बनने के बाद से विभाग किनारों पर मिट्टी डालना भूल गया है। उन्होंने प्रशासन पर किसी बड़े हादसे का इंतजार करने का आरोप लगाया।
सड़क की मौजूदा स्थिति ने यात्रा को जोखिम भरा बना दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क के दोनों तरफ मिट्टी का भराव करवाने की मांग की है, ताकि हादसों को रोका जा सके। ताकि वाहन आसानी से साइड ले सकें और हादसों पर अंकुश लग सके।
वहीं मामले पर PWD जेईइन जयंतीलाल ने कहा कि जितनी रोड सेक्शन हुई है उतना ठेकेदार काम करता है। मौका देखकर काम कराया जाएगा।
