PALI SIROHI ONLINE
कोटा-कोटा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रही महिला LDC की मौत हो गई। तेज रफ्तार से आ रहे गत्ते से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से महिला LDC की स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला उछलकर करीब 5 फीट दूर जाकर डिवाइडर से टकरा गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसा उद्योग नगर थाना क्षेत्र के रायपुरा इलाके में पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतका की पहचान सुनीता मीणा के रूप में हुई है जो विज्ञान नगर की रहने वाली थी और जाखोड़ा पंचायत में LDC (लोअर डिवीजन क्लर्क) के पद पर कार्यरत थी।पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली डीसीएम चौराहे से रायपुरा की तरफ जा रही थी। ट्रैक्टर में गत्ता भरा हुआ था और उसकी रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से स्कूटी सवार सुनीता मीणा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह उछलकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर महिला को MBS अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सुनीता मीणा शादीशुदा थी और उनका एक बेटा भी है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर परिजन फूट-फूटकर रोते नजर आए।

