PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
पाली-पाली जिले के सोजत में मेहंदी की एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग में 2 लोगों की मौत हो गई। इनमें से एक मौके पर ही जिंदा जल गया, वहीं दूसरे ने जोधपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ा। जो युवक मौके पर जिंदा जला उसके साले की 18 नवंबर को शादी है। उसकी पत्नी और बच्चे वहां गए हुए है। वो भी रविवार को ससुराल जाने वाला था। इससे पहले ही उसकी जान चली गई।
यह आग की घटना शनिवार रात करीब 12 बजे सोजत शहर के चामुंडा माता मंदिर के पास स्थित एक फैक्ट्री में हुई। देर रात करीब 2 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। घटना की जांच के लिए MOB, FSL को मौके पर बुलाया गया। एक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मौके पर जुटे लोगों ने जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर गंभीर हालत में झुलसे 2 लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सोजत हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। यहां इनको गंभीर हालत में जोधपुर रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान एक घायल की मौत हो गई।
रात 2 बजे पाया आग पर काबू
सीओ सोजत सिटी रतनाराम देवासी ने बताया कि सोजत माइनिंग ऑफिस के पास स्थित एक मेहंदी फैक्ट्री में शनिवार रात करीब 12 बजे आग लगने की घटना हुई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। मौके पर दमकल बुलाई गई। जो देर रात तक आग बुझाने में जुटी रही।
रात करीब 2 बजे आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में यूपी हाल सोजत निवासी संजय (30) जिंदा जल गया। वही गोपाल (31) पुत्र केवलचंद और कानाराम (30) पुत्र भंडाराम निवासी सोजत गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को सोजत हॉस्पिटल में ले जाया गया। हालत गंभीर होने के चलते दोनों को जोधपुर रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान सोजत सिटी के चांदपोल गेट निवासी कानाराम पुत्र भंडाराम की मौत हो गई।
JCB से तोड़ी दीवार
आग पर काबू पाने के लिए रेस्क्यू टीम ने जेसीबी से फैक्ट्री की दीवार तोड़ी। उसके बाद अंदर घुसे और एक शव बरामद किया। जिसे रात को ही सोजत हॉस्पिटल की मॉच्र्क्युरी में रखवाया गया। मृतक की शिनाख्त यूपी के संजय के रूप में हुई है।
साले की शादी में जाना था आज, लेकिन गई जान
इस हादसे में जिंदा जले संजय अपने 2 बच्चों और पत्नी के साथ फैक्ट्री में ही रहता था। संजय के साले विनित की 18 नवंबर को शादी है। ऐसे में उसकी पत्नी मनीष अपनी 11 साल की बेटी सोनाली और 3.5 साल के बेट शिवास को लेकर करीब एक महीने पहले ही अपनी पीहर बिसनपुरवा (गोरखपुर) चली गई थी।
संजय भी 16 नवंबर की सुबह बस से अपने ससुराल जाने वाला था। ताकि साले की शादी में हिस्सा ले सके। लेकिन इस हादसे में उसकी जान चली गई। और उसके ससुराल में खुशियों का माहौल भी गम में बदल गया। उसकी पत्नी तक जब इस हादसे की खबर पहुंची तो उसका रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
