PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन में एक शादी समारोह के दौरान महिला के बैग से करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता ने मारवाड़ जंक्शन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार सोजत सिटी निवासी मोनिका पत्नी लक्ष्मीनारायण शादी समारोह में शामिल होने मारवाड़ जंक्शन आई थीं। समारोह के बाद 6 फरवरी को वह निजी बस से सोजत स्थित अपने घर लौटीं। घर पहुंचने पर जब उन्होंने अपना बैग चेक किया तो उसमें रखे करीब 8 तोला सोने के आभूषण और लगभग 100 ग्राम चांदी के गहने गायब मिले। साथ ही बैग की चेन भी खुली हुई थी।
पीड़िता ने आशंका जताई है कि बस में चढ़ते समय भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैग की चेन खोलकर गहने चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।

