PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-कांडला हाईवे पर रेवदर के मंडार से गुजरात की ओर जा रहा काली मिट्टी से भरा एक ट्रेलर गुरुवार को अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसा मंडार आरटीओ चेक पोस्ट के पास हुआ, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
हाईवे पर फैली मिट्टी
पुलिस के अनुसार, ट्रेलर अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क के बीचों-बीच पलट गया। ट्रेलर में भरी काली मिट्टी हाईवे पर फैल गई, जिससे आवागमन में परेशानी होने लगी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करने के प्रयास शुरू किए।
हाईवे से ट्रेलर को हटाने के लिए क्रेन को मौके पर बुलाया गया। वहीं सड़क पर फैली मिट्टी को जेसीबी की मदद से हटाया गया, ताकि यातायात सामान्य किया जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही मंडार एएसआई कैलाश चंद्र मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। हादसे में घायल ट्रेलर ड्राइवर और खलासी को उपचार के लिए मंडार अस्पताल पहुंचाया गया।

