• March 29, 2026

मंडार- तीन लोग 6 KG सोने की ज्वेलरी के साथ पकड़ेः पुलिस ने टोल नाके पर कार की तलाशी में किए बरामद

PALI SIROHU ONLINE

रेवदर, सिरोही-रेवदर की मंडार पुलिस ने शनिवार देर शाम नाकाबंदी के दौरान एक लग्जरी गाड़ी से करीब 6 किलो से ज्यादा सोने की ज्वेलरी बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद ज्वेलरी के संबंध में कोई बिल या वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर पुलिस ने सारा सामान जब्त कर लिया।

टाटा नेक्सन कार को रोककर ली गई तलाशी

सीआई प्रवीण आचार्य ने बताया- शनिवार शाम को टोल नाके के पास एएसआई नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान रेवदर की ओर से आ रही टाटा नेक्सन कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार तीनों व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए, जिस पर पुलिस को शक हुआ और कार की तलाशी लेना शुरू किया गया।

13 डिब्बों में भरी थी सोने की ज्वेलरी

तलाशी के दौरान गाड़ी में रखे थैलों में प्लास्टिक के 13 डिब्बे मिले। डिब्बों को खोलने पर उनमें सोने की ज्वेलरी जिसमें अंगूठियां, टॉप्स, मंगलसूत्र और चेन आदि भरे हुए थे। पुलिस ने जब कार सवार लोगों से इस ज्वेलरी का बिल और दस्तावेज मांगे तो वो कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सके।अहमदाबाद के रहने वाले हैं तीनों आरोपी

इस पर पुलिस ने तीनों लोगों, ड्राइवर मोहनलाल पुत्र गोवाराम रबारी निवासी साइन सिटी अहमदाबाद सहित सेल्समैन दिलीप कुमार पुत्र रतीलाल घांची निवासी मोहब्बत नगर हाल अहमदाबाद और सुरेश कुमार पुत्र शंकरलाल घांची निवासी मोहब्बत नगर हाल अहमदाबाद को शांति भंग में गिरफ्तार कर थाने लाया और आगे की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने देर रात जब्त की गई ज्वेलरी का वजन करवाया जिसका कुल वजन 6 किलो 319 ग्राम है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपए की है।

24 मार्च से सप्लाई पर थे निकले

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुद को ज्वेलर्स व्यवसाय से जुड़ा बताया। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे 24 मार्च को अहमदाबाद से इस ज्वेलरी की सप्लाई के लिए निकले थे और उदयपुर, चारभुजा, कांकरोली, सिरोही व आबू रोड होते हुए वापस गुजरात लौट रहे थे।

About The Author

You cannot copy content of this page