• April 5, 2026

लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शुरू,हर सोमवार जोधपुर होकर चलेगी

PALI SIROHI ONLINE

लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शुरू,हर सोमवार जोधपुर होकर चलेगी
-गर्मी की छुट्टियों में मिलेगी राहत
-वापसी में मंगलवार को जोधपुर आएगी

जोधपुर। गर्मी की छुट्टियों में लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने लालकुआं-राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का चार ट्रिप के लिए संचालन प्रारंभ किया है। यह ट्रेन सोमवार को जोधपुर-जालोर-भीलड़ी मार्ग से होकर राजकोट तक जाएगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार ट्रेन संख्या 05045 लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक स्पेशल 26 अप्रेल तक (कुल 4 ट्रिप) प्रत्येक रविवार को लालकुआं से दोपहर 12.35 बजे रवाना होकर सोमवार सुबह 5.40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद सुबह 5:50 बजे प्रस्थान कर उसी दिन शाम 6:10 बजे राजकोट पहुंचेगी।

इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 05046 राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक स्पेशल 6 अप्रैल से 27 अप्रैल तक (4 ट्रिप) प्रत्येक सोमवार को राजकोट से रात 10:30 बजे रवाना होकर मंगलवार सुबह 9:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। यहां से 9:50 बजे प्रस्थान कर बुधवार सुबह 5:15 बजे लालकुआं पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर ठहराव

सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार यह ट्रेन किच्छा,बहेड़ी, इज्जतनगर,बरेली सिटी,बरेली जंक्शन,बदायूं,उझानी,सोरों शूकर,कासगंज,हाथरस सिटी,मथुरा कैंट,मथुरा जंक्शन,भरतपुर, दौसा,जयपुर,फुलेरा,नावा सिटी,कुचामन सिटी,मकराना,डेगाना, मेड़ता रोड,गोटन,जोधपुर,लूनी,समदड़ी,मोकलसर,जालोर,मोदरान, मारवाड़ भीनमाल,रानीवाड़ा,धनेरा,भीलड़ी,पाटन,महेसाणा,विरमगाम,सुरेंद्रनगर और वांकानेर स्टेशनों पर रुकेगी।

इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 1 सेकंड एसी,,2 थर्ड एसी,11 स्लीपर व 4 सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं।

About The Author

You cannot copy content of this page